‘खम्मा घणी जयपुर फिल्म फेस्टिवल 2025’ का तीसरा संस्करण 1 और 2 दिसंबर को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में आयोजित होने जा रहा है। यह अनोखा फिल्म फेस्टिवल जयपुर स्थित फिल्म प्रोडक्शन हाउस निर्जीत एंटरटेन्मेंट्स की एक क्रिएटिव पहल है, जो युवाओं में फिल्म निर्माण की कला को प्रोत्साहित करता है। इस वर्ष फेस्टिवल का आयोजन राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर के सहयोग से उनके मिनी ऑडिटोरियम-2 में होगा। दो दिवसीय फेस्टिवल के जेएएफएफ यूनिवर्स में नवीन शर्मा और मौलश्री द्वारा निर्देशित 18 शॉर्ट फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी, जिन्हें 17 स्कूलों, कॉलेजों, यूनिवर्सिटीज और एनजीओ के 150 से अधिक बच्चों के साथ मिलकर बनाया गया है। इन बच्चों ने फिल्मों में एक्टर और यंग फिल्ममेकर के रूप में योगदान दिया है। स्टूडेंट कैटेगरी के अलावा, देश-विदेश के प्रोफेशनल फिल्ममेकर्स द्वारा निर्देशित 20 से अधिक शॉर्ट फिल्में और डॉक्यूमेंट्रीज़ भी प्रदर्शित की जाएंगी। साथ ही इंटरएक्टिव सेशन और अनुभव आधारित वर्कशॉप्स भी आयोजित होंगी, जिनमें सिनेमा, निर्देशन और फिल्म प्रोडक्शन से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे। कई कैटेगरी में अवॉर्ड्स फेस्टिवल में बेस्ट स्टूडेंट, बेस्ट फिल्म, बेस्ट एक्टर और बेस्ट डायरेक्टर कैटेगरी में अवॉर्ड दिए जाएंगे। आयोजन समिति का कहना है कि यह प्रयास युवाओं में रचनात्मकता और फिल्म-निर्माण की समझ को बढ़ावा देगा और स्थानीय स्तर पर फिल्मों के निर्माण को नई दिशा देगा।


