बड़वानी जिले की पलसूद पुलिस ने अवैध गोवंश परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान एक वाहन से 12 गाय और एक बछड़ा सहित कुल 13 गोवंश को मुक्त कराया गया। पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। घटना 30 नवंबर 2025 की है, जब पलसूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, वाहन क्रमांक MP 13 GA 5116 में गायों को क्रूरतापूर्वक भरकर महाराष्ट्र के मालेगांव में वध के लिए ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने निवाली रोड, पलसूद थाना क्षेत्र के पास वाहन को घेराबंदी कर रोका। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर 12 गाय और 1 बछड़ा क्रूर अवस्था में पाए गए। पुलिस ने मौके पर ही गोवंश को विधिवत जब्त कर लिया। इस मामले में आरोपी विक्रम चौहान (40 वर्ष, निवासी खेड़ी महू, जिला इंदौर) को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ थाना पलसूद में अपराध क्रमांक 284/2025 के तहत म.प्र. गोवंश प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 6(A)/9, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) और म.प्र. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 1959 की धारा 10 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को 30 नवंबर 2025 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


