जयपुर के सांगानेर रेलवे स्टेशन से शनिवार शाम तीन महीने के बच्चे को किडनैप कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी थाना जयपुर की टीम हरकत में आई। तुरंत कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर 16 घंटे में बच्चे को मुहाना इलाके से ढूंढ निकाला। आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। सर्किल ऑफिसर (जीआरपी जयपुर) नरेंद्र सिंह ने बताया- टोंक की रहने वाली पीड़ित राधा धोबी (28) ने शनिवार रात जीआरपी थाने पहुंच कर अपने तीन माह के बच्चे के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंची। रिपोर्ट में बताया कि वह अपने पति याकूब खान के साथ जयपुर में रहती है। याकूब कैटरिंग का काम करता है। राधा अपने पांच साल के बेटे और तीन महीने के छोटे बच्चे के साथ अक्सर सांगानेर रेलवे स्टेशन के बाहर ही सो जाती है। दस मिनट में गायब हो गया बच्चा 29 नवंबर की शाम करीब 7 बजे राधा दोनों बेटों के साथ स्टेशन के बाहर बैठी थी। कुछ देर बाद वह सो गई। लगभग 10 मिनट बाद जब आंख खुली तो तीन महीने का छोटा बेटा वहां नहीं था। बच्चे ने गुलाबी-सफेद रंग के ऊनी कपड़े और टोपा पहन रखा था। राधा ने तुरंत थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। मुहाना इलाके से मिला बच्चा, आरोपी गिरफ्तार नरेंद्र सिंह ने बताया- मामले की गंभीरता को देखते हुए रिपोर्ट मिलते ही एक विशेष टीम बनाई गई। थानाधिकारी अरुण चौधरी के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। टीम ने स्टेशन और आसपास के होटलों, ढाबों, दुकानों और मकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में आरोपी बच्चे को गोद में लेकर जाते हुए दिखाई दिया। नशे की हालत में था आरोपी नरेंद्र सिंह ने बताया- आरोपी नशे की हालत में था और बच्चे को लेकर मुहाना की तरफ जाता हुआ दिखाई दिया। मुखबिर से मिली जानकारी पर पुलिस मुहाना इलाके पहुंची, जहां रविवार दिन में करीब 11 बजे बच्चा मिल गया। बाद में उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया।


