सुबह के 11 बज रहे हैं। मैं पुराना विधानसभा मैदान के पास खड़ा हूं। आसमान में हल्की धूप और हल्की हवा चल रही है। मौसम पूरी तरह खुशगवार है। बिरसा चौक की ओर से धुर्वा गोलचक्कर जाने वाले रूट पर वाहनों की लंबी कतार है। लगातार गाड़ियों के बजते हॉर्न से जगह-जगह तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी रूट क्लियर कराने के लिए दौड़ रहे हैं। दोपहर 1 बजे तक इस रूट में वाहनों का रेला लग गया। बीच-बीच में वीआईपी का कारकेड सायरन बजाते हुए गुजर रहा है। इससे आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। पुराना विधानसभा की बाउंड्री के किनारे एक लाइन से टोपी,टीशर्ट,गोगल बेचने वालों की कतार लगी है। 50 से अधिक दुकानदार कोलकाता से रांची पहुंचे हैं। पूछने पर कहते हैं, रांची का मौसम और यहां के लोग काफी प्यारे हैं। क्रिकेट का जुनून ऐसा है कि जो सामान लेकर यहां आता हूं वापस ले जाने की नौबत नहीं पड़ती। सारा सामान बिक जाता है। यहां से आगे बढ़ते हुए स्टेडियम से पहले प्रभात तारा मैदान के पास पहुंचा। दोपहर 2 बज रहे हैं। स्टेडियम के अंदर भारत की ओर से बैटिंग की शुरूआत हो चुकी है। यह सुनकर दर्शकों में बेचैनी है। लेकिन भीड़ इतनी है कि किसी भी हाल में आगे नहीं बढ़ सकते,क्योंकि, स्टेडियम के साउथ गेट की ओर जाने वाले रास्ते में 2 किमी लंबी कतार लगी है। कोई आपा-धापी नहीं। सभी दर्शक पूरी तरह अनुशासित होकर धीरे-धीरे स्टेडियम की ओर जा रहे हैं। 3.30 बजे तक ही दर्शकों का प्रवेश था,लेकिन इसके बाद तक कतार लगी रही। गेट पर कई बार पुलिसकर्मियों और दर्शकों के बीच नोंक-झोंक भी हुई। शाम ढ़लने तक हल्की हवा चलने लगी थी, दर्शकों की भीड़ से स्टेडियम के आसपास का तापमान बढ़ गया। ठंड का अहसास नहीं हो रहा है। न्यूनतम तापमान मामूली बढ़त के साथ 12.2 डिग्री पर पहुंच गया। आसमान में बादल छाने की वजह से ठंड से राहत मिल गई। इसका उत्साह स्टेडियम के अंदर दिखा। भारतीय टीम ताबड़तोड़ रन बना रही थी, यह देख दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया था। मैच का उत्साह ऐसा था कि साउथ अफ्रीका की इनिंग समाप्त होने तक दर्शक स्टेडियम में डटे रहे। 5 सितारा होटल से लेकर ठेला-खोमचा वालों की कमाई बढ़ी मैच से होटल, रेस्टोरेंट, ट्रैवल सेक्टर और स्थानीय व्यापारियों को भारी फायदा हुआ है। शहर के सभी श्रेणी के होटल फुल बुक हैं। निम्न बजट से लेकर पाँच सितारा होटल में नो रूम है। शहर के ठेला-खोमचा पर भी जबर्दस्त भीड़ दिखी। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के होटल सब कमेटी के चेयरमैन सरदार त्रिलोचन सिंह ने बताया कि तीन दिनों में शहर के करीब 200 होटलों में 90 प्रतिशत तक की बुकिंग दर्ज की गई है। मैच देखने कई शहरों से दर्शक पहुंचे थे। इसका असर होटल इंडस्ट्री पर दिखा। रेस्टोरेंट और कैफे भी दिनभर खचाखच भरे रहे, जबकि ऑनलाइन फूड ऑर्डर में सामान्य दिनों की तुलना में 30 से 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। सिर्फ होटल और खानपान नहीं, स्थानीय परिवहन सेवाओं की भी डिमांड बढ़ गई। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर आम दिनों के मुकाबले दोगुनी भीड़ दिखी। ऑटो, टैक्सी और ई-रिक्श वालों को 24 घंटों में अच्छी कमाई की है। चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने बताया कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मैच शहर की ब्रांडिंग बढ़ाते हैं और पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।


