कोंडागांव| सेक्टर बम्हनी के संबलपुर, बम्हनी, बोरगांव, कारियाकाटा व हंगवा केंद्रों की 51 मितानिनों एवं 4 मितानिन प्रेरकों का सम्मान कार्यक्रम बम्हनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन द्वारा किया गया, जिसमें मेडिकल ऑफिसर डॉ. रिंकू मरकाम, प्रभारी कृष्णा पटेल एवं वरिष्ठ मितानिन बहनों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. रिंकू मरकाम, प्रभारी कृष्णा पटेल एवं पर्यवेक्षक संजय नायडू ने बताया कि वर्ष 2004 में शुरू हुए मितानिन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों की जागरूक महिलाओं को स्वास्थ्य प्रशिक्षण देकर समाज सेवा के लिए तैयार करना है। मितानिन बहनें आज विभाग एवं समाज में अपनी मजबूत पहचान बनाकर एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनकी निष्ठा और सेवा भाव को देखते हुए विभाग द्वारा प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है।मितानिन दीदियां अपने क्षेत्र के 200 से 250 जनसंख्या वाले परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ती हैं।


