हरदा जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र के ग्राम लोनी में रविवार शाम जमीनी विवाद में एक किसान की हत्या कर दी गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक के मासूम बेटे शिवम ने अपनी आंखों के सामने माता-पिता पर हुए इस बर्बर हमले की दास्तां बयां की है। उसने बताया कि आरोपियों ने पहले पिता को गाड़ी से टक्कर मारी और फिर कुल्हाड़ी से काट दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। वहीं, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। वारदात के समय मृतक शिवनारायण का बेटा शिवम खेत में मौजूद था। उसने बताया कि आरोपियों ने पहले गाड़ी से टक्कर मारकर उसके पिता को गिरा दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी और दरांती से उन पर हमला कर दिया। शिवम पिता को छोड़ने के लिए आरोपियों के सामने गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन हत्या का प्लान बना चुके आरोपियों ने उनकी बेरहमी से पिटाई जारी रखी। मां को बचाने में बेटे की उंगलियां कटीं
मासूम ने बताया कि एक आरोपी महिला ने उसकी मां के बाल पकड़कर उनकी गर्दन पर दरांती से हमला किया। इस दौरान मां को बचाने की कोशिश में शिवम के हाथों की उंगलियां भी कट गईं। वह मदद के लिए दौड़कर गांव में गया और लोगों से गुहार लगाई, लेकिन कोई भी खेत पर नहीं आया। इसके बाद आरोपी उन्हें मारकर वापस गांव लौट गए। भाई का आरोप- पुलिस वापस लौट गई थी
मृतक के बड़े भाई श्यामसिंह चौहान ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि घटना के बाद डायल-112 को सूचना दी गई थी। पुलिस गांव पहुंची भी थी, लेकिन गांव के कुछ लोगों ने ऐसी कोई घटना न होने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस वापस लौट गई। ‘आरोपी बेचता है गांजा, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई’
श्यामसिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी करण सिंह सालों से गांजा बेचने का काम कर रहा है। इसकी शिकायत पूर्व में भी की गई थी, लेकिन छीपाबड़ थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों का कहना है कि इसी लापरवाही की वजह से आज उनके भाई की हत्या कर दी गई। बुलडोजर कार्रवाई और फांसी की मांग
सोमवार को जिला अस्पताल में मृतक के परिजनों ने हंगामा किया। उन्होंने एसपी और कलेक्टर के नाम एसडीएम अशोक डेहरिया एवं एसडीओपी शालिनी परस्ते को ज्ञापन सौंपा। परिजनों ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने, पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने और सभी आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। छीपाबड़ थाना पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों बाद तीनों आरोपियों (करण सिंह, राहुल और मनीषा) को राउंडअप (गिरफ्तार) कर लिया है। यह था मामला
घटना रविवार शाम 4 से 5 बजे के बीच की है। 50 वर्षीय शिवनारायण अपनी पत्नी राधा के साथ खेत पर पूजा कर लौट रहे थे। रास्ते में पड़ोसी करण सिंह, उसका बेटा राहुल और बहू मनीषा पहले से घात लगाकर बैठे थे। उन्होंने दंपती पर हमला कर दिया। यह विवाद 2020 के एक पुराने मामले और जमीन को लेकर चल रहा था।


