शाजापुर में आज सोमवार को विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जन जागरूकता रैली निकाली गई। पुराना जिला अस्पताल परिसर से शुरू हुई इस रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए। रैली का उद्देश्य लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव, जांच और उपचार के प्रति जागरूक करना था। पिछले वर्षों में कुल 136 एचआईवी पॉजिटिव मरीज शाजापुर जिले में पिछले छह वर्षों में कुल 136 एचआईवी पॉजिटिव मरीज दर्ज किए गए हैं। इनमें से इलाज के दौरान अब तक 11 मरीजों की मौत हो चुकी है, जिनमें 9 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। राहत की बात यह है कि वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में नए मरीजों की संख्या में कमी आई है। 2024 में 34 नए मरीज मिले थे, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर 22 रह गई। हालांकि, इस अवधि में डेथ रेट में वृद्धि दर्ज की गई है। 1 से 7 दिसंबर तक जिले में जांच व जागरूकता कार्यक्रम जिला अस्पताल के डॉ. के.पी. सिंह ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी 1 दिसंबर को विश्व एड्स दिवस मनाया गया। उन्होंने जानकारी दी कि 1 से 7 दिसंबर तक जिले भर में एचआईवी जांच और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका लक्ष्य लोगों को समय पर जांच कराकर इलाज शुरू करने के लिए प्रेरित करना है। 11 महीनों में जिले में 22 नए पॉजिटिव मरीज जनवरी से नवंबर 2025 तक 11 महीनों में जिले में कुल 8897 लोगों की एचआईवी जांच की गई। इनमें 22 नए एचआईवी पॉजिटिव मरीज सामने आए, जिनमें अधिकांश की उम्र 20 से 50 वर्ष के बीच है। जिला अस्पताल में एचआईवी जांच, काउंसिलिंग और एआरटी (एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी) दवाइयां पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को समय पर इलाज मिल रहा है।


