खरगोन में रविवार रात खापर जामली में बिजली के खंभे ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान रायसागर गांव निवासी 16 वर्षीय डिगडा पिता जंगलिया और 35 वर्षीय सुरेश पिता राजाराम के रूप में हुई है। घटना भगवानपुरा थाना क्षेत्र की सिरवेल पुलिस चौकी अंतर्गत खापर जामली में हुई। ग्रामीणों के अनुसार, ये लोग रायसागर गांव में बिजली की लाइन डालने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में खंभे भरकर ला रहे थे। खापर जामली के पास ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। हादसे में घायल हुए पांच लोगों को खरगोन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों के हाथ-पैरों में फ्रैक्चर आए हैं और उन्हें शरीर के अंदरूनी हिस्सों में भी चोटें लगी हैं। उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।


