झालावाड़ पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर मंजीत उर्फ कुग्गी को 6.35 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोतवाली पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि कोतवाली सीआई मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान ईदगाह तिराहा, झालावाड़ पर गश्त के दौरान मंजीत उर्फ कुग्गी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। संदिग्ध लगने पर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से कुल 6.35 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस के अनुसार मंजीत उर्फ कुग्गी एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 39 मामले दर्ज हैं। आरोपी से स्मैक की खरीद-फरोख्त और इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है।


