विश्व एड्स दिवस पर झालवाड़ में जागरूकता संगोष्ठी:CMHO बोले-महिलाओं की समय पर जांच से बच सकता है जन्मजात संक्रमण

झालावाड़ में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. साजिद खान ने शादी से पहले सहभागी की एचआईवी जांच कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने एचआईवी/एड्स से बचाव के लिए सुरक्षित यौन संबंध, रक्तदान और गर्भावस्था के दौरान उचित उपचार को महत्वपूर्ण बताया। संगोष्ठी में सीएमएचओ डॉ. साजिद खान, उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. लेखराज मालव, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार नागर, सहायक आचार्य माइक्रोबायोलॉजी डॉ. राजेश बंसल, जिला आईसीटीसी काउंसलर राजेंद्र शर्मा, टीबी एचआईवी कोऑर्डिनेटर संनूबाला पाटीदार, एसटीआई काउंसलर सत्यप्रकाश गौतम सहित एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। संगोष्ठी का संचालन जिला आईसीटीसी काउंसलर राजेंद्र शर्मा ने किया। उन्होंने बताया कि एसआरजी चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज झालावाड़ में आने वाले सभी मरीजों को एचआईवी के बारे में निःशुल्क परामर्श दिया जा रहा है। जांच में रिएक्टिव पाए गए मरीजों को एआरटी दवाओं से जोड़कर संक्रमण मुक्त करने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार नागर ने गर्भवती महिलाओं की जांच पर जोर दिया। उन्होंने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे गर्भवती महिलाओं की सभी जांचें समय पर करें और उन्हें एचआईवी के चार लक्षणों के बारे में बताएं। टीकाकरण दिवस पर सभी महिलाओं की एचआईवी और सिफलिस की जांच कर ममता कॉर्नर में दर्ज करने को भी कहा गया। उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. लेखराज मालव ने बताया कि सभी गर्भवती महिलाओं की प्रथम तीन माह के भीतर एचआईवी और सिफलिस की जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए। इससे गर्भवती महिला से होने वाले बच्चों को एचआईवी संक्रमित होने से बचाया जा सकेगा। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच, उपचार और निदान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। सहायक आचार्य माइक्रोबायोलॉजी डॉ. राजेश बंसल ने एचआईवी की उत्पत्ति, फैलने के तरीके और किन जैविक द्रव्यों से यह फैल सकता है या नहीं फैल सकता है, इसकी विस्तृत जानकारी प्रदान की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *