सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के शिवराजपुर वार्ड क्रमांक 14 में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव उसके जीजा के घर के गेट के पास पड़ा मिला। मृतक की पहचान मैहर जिले के देवराज नगर निवासी 28 वर्षीय अंकित मिश्रा, पिता बृजेश प्रसाद मिश्रा के रूप में हुई है। परिवार ने इसे हत्या करार देते हुए कार्रवाई की मांग की है। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे, ललन कुमार मिश्रा ने अपने घर का गेट खोला तो उनके साले अंकित मिश्रा का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। शोर मचने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और तुरंत रामपुर नैकिन थाना पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी पुलिस टीम और एफएसएल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रामपुर नैकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। मृतक के जीजा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। प्लाट दिखाने के बहाने लेकर गए थे मृतक की पत्नी रानी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि रामपुर नैकिन के अतुल मिश्रा उनके पति को रात में प्लांट दिखाने के बहाने घर से ले गए थे। देर रात रानी ने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। एक बार रात करीब 1 बजे फोन उठा और “बाद में बात करेंगे” कहकर काट दिया गया, जिसके बाद फोन बंद हो गया। सोमवार शाम 5 बजे मृतक के पिता बृजेश प्रसाद मिश्रा ने रामपुर नैकिन थाने पहुंचकर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। शव फेंककर फंसाने की कोशिश मृतक के पिता बृजेश प्रसाद मिश्रा ने भी आरोप लगाया कि यह सोची–समझी साजिश है और अतुल मिश्रा पहले भी दो बार अंकित को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुका है। मृतक के भाई कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि दोषियों ने हत्या कर शव को बहन के घर के पास फेंककर उन्हें फंसाने का प्रयास किया है। बहन प्रीति मिश्रा ने भी हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी का कहना है कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद संदिग्धों से गहन पूछताछ की जाएगी। जांच के आधार पर ही स्पष्ट होगा कि अंकित मिश्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई। सोमवार को मृतक के पिता ने ज्ञापन पत्र सौंपा है। उसके आधार पर जांच की जा रही है।


