छतरपुर में सोमवार को कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में टीएल बैठक आयोजित की गई। इस दौरान लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय सीमा से बाहर हुए प्रकरणों पर तहसीलदार ग्रामीण पर 1000 रुपये और सीएमओ खजुराहो पर 250 रुपये का जुर्माना लगाया गया। बैठक में कई विभागों को कड़े निर्देश दिए गए, जिसमें छतरपुर जनपद सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश भी शामिल है। जिला पंचायत सभाकक्ष में हुई इस बैठक में जिला पंचायत सीईओ नमशिवाय अरजरिया, डीएफओ सर्वेश सोनवानी, एडीएम मिलिंद नागदेवे, सहायक कलेक्टर आशीष पाटिल, संयुक्त कलेक्टर, एसडीएम, सीएमओ और जनपदों के सीईओ सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इन कार्यों में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई
कलेक्टर ने गौशालाओं के रखरखाव, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, क्षमतानुसार पशु संख्या, भूसा और अनुदान संबंधी कार्यों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण पर भी जोर दिया। सीएमएचओ को ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान के उपचार और निदान की जानकारी पत्र के माध्यम से भेजने तथा छात्रावासों में पाई जाने वाली कमियों का त्वरित निराकरण करने के आदेश भी दिए गए। बैठक में एलडीएम को बैंकों से ऋण वितरण की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने डीएलसीसी और विभिन्न सरकारी सम्मेलनों से जुड़े बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने, सड़क मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने और सीएम हाउस तथा राजस्व अवमानना मामलों की रिपोर्ट समय पर भेजने के निर्देश भी दिए।
आधार से समग्र ई-केवाईसी की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने विशेष रूप से छतरपुर जनपद, हरपालपुर और बिजावर निकायों को प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। भूमि आवंटन से संबंधित लंबित फाइलों को शीघ्र निकायों को भेजने के लिए संबंधित विभागों को भी निर्देशित किया गया। छतरपुर जनपद सीईओ को कारण बताओ नोटिस
‘एक बगिया मां के नाम’ अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने छतरपुर, लवकुशनगर, राजनगर और गौरिहार जनपदों को तार फेंसिंग, गड्ढा निर्माण और वृक्षारोपण कार्यों में तेजी लाने को कहा। इसी अभियान और आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण में खराब प्रगति के कारण छतरपुर जनपद सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने केन-बेतवा लिंक परियोजना के भू-अर्जन में तेजी लाने, सागर-कबरई पैकेज 3 और 4 के भुगतान बढ़ाने, पेंशन अभियान, छात्रवृत्ति वितरण, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और बायपास की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को अभियान चलाकर बंद करने के निर्देश दिए।


