भिंड में दिसंबर की शुरुआत के साथ ही सर्दी का असर तेज हो गया है। रात 10 बजे के बाद ओस गिरने और ठंडी हवाओं के चलते आज (मंगलवार) सुबह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दोपहर का तापमान 25 डिग्री रहने का अनुमान है। लोग ठंड से बचने के लिए दिन में भी गर्म कपड़े पहन रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। शहर में उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी दिशा से 3 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बह रही है। इन हवाओं के कारण ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। आज सुबह आद्रता (ह्यूमिडिटी) का स्तर 80 फीसदी दर्ज किया गया। दिन में धूप सुहानी, लोग सेंक रहे धूप
सुबह निकलने वाली हल्की धूप लोगों को राहत दे रही है। शहरवासी जगह-जगह धूप सेंकते नजर आ रहे हैं। हालांकि, दोपहर की धूप सुहानी लगने के बावजूद ठंडी हवाओं से बचने के लिए लोग दिन में भी जैकेट और स्वेटर पहनकर निकल रहे हैं। शादी सीजन में रात में सफर करना हुआ मुश्किल
रात 10 बजे के बाद जमीन पर ओस गिरने लगती है, जिससे तापमान और नीचे चला जाता है। शादी-ब्याह के मौसम में देर रात बाइक से लौटने वाले लोगों को तेज ठंडी हवाएं काफी परेशान कर रही हैं। ठंड से बचने के लिए कई लोग दो-दो जैकेट पहनकर निकलने को मजबूर हैं। अभी और गिरेगा रात का पारा
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में सर्दी और बढ़ने की संभावना है। आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।


