विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार को महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम की सदस्य स्नेहा राणा सहित अभिनेता पुनीत इस्सर, बिंदु दारा सिंह, सिद्धार्थ इस्सर और अमित पचौरी सुबह चार बजे होने वाली भस्म आरती में शामिल हुए। 2025 के महिला क्रिकेट विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली स्नेहा राणा प्रातःकालीन भस्म आरती में ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन का लाभ लेने पहुंचीं। स्नेहा राणा ने 6 मैचों में 7 विकेट लिए और 99 रन बनाए। उन्होंने फाइनल मैच में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। विश्व कप मैच के दौरान भी वे भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने आई थीं। टीम को मिली सफलता के बाद एक बार फिर वो तड़के भस्म आरती में शामिल हुईं। मन्नत मांगकर गई थीं स्नेहा राणा ने कहा कि यहां आकर अच्छा लगा, पिछली बार आए थे, बोलकर गए थे कि वर्ल्ड कप जीतने के बाद दोबारा आऊंगी। भगवान से यही मांगा है कि वो हम पर इसी तरह आशीर्वाद बनाए रखें और हम हमेशा महाकाल जी के दर्शन के लिए आते रहें। दो घंटे नंदी हाल में बैठे स्नेहा राणा के साथ अभिनेता पुनीत इस्सर, बिंदु दारा सिंह, सिद्धार्थ इस्सर एवं अमित पचौरी भी महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। सभी ने भगवान महाकाल की भस्म आरती के दौरान दो घंटे तक नंदी हाल में बैठकर दर्शन लाभ लिया। आरती के बाद सभी ने देहरी से दर्शन किए। मंदिर समिति की ओर से उप प्रशासक एसएन सोनी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। बिंदु दारा सिंह ने मंदिर की व्यवस्था की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यहां से जो ऊर्जा मिलती है वो कहीं नहीं मिलती।


