धनबाद के भगाबांध थाना क्षेत्र के पुटकी पीबी एरिया में स्थित ईगल दीप इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी के माइंस परिसर में सोमवार रात एक कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान बोकारो जिले के चंदनकियारी स्थित तलगड़िया के सिंपुर निवासी बबलू बावरी के रूप में हुई है। वह रात्रि पाली में कोयला कटाई के कार्य पर तैनात थे। परिजनों के अनुसार, बबलू बावरी रात करीब तीन बजे पानी पीने के बाद वॉशरूम गए थे, जहां अचानक गिरने से उनकी मौत हो गई। परिवार ने बताया कि शव के गले के पास एक निशान भी मिला है, जिससे मौत को लेकर संदेह गहरा गया है। मृतक के बेटे अभिजीत बावरी ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन माइंस के अंदर हुई मौत का स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में आउटसोर्सिंग कंपनी के मुख्य द्वार पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन घटना की पूरी जानकारी देने से बच रहा है। कंपनी प्रबंधन ने मृतक के परिजन को नौकरी और मुआवजा देने पर सहमति जताई है। हालांकि, मौत के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए धनबाद एसएनएमएमसीएच भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।


