पलामू में 1 क्विंटल डोडा भूसी जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार:रांची से बरेली ले जा रहे थे मादक पदार्थ की खेप, 7 हजार रुपए KG में बेचा जाता था

पलामू जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक क्विंटल से अधिक डोडा भूसी जब्त की है। यह कार्रवाई मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सिंगराकला में की गई, जहां उत्तर प्रदेश के बरेली के दो अंतर-राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया। ये तस्कर रांची से बरेली तक अफीम भूसी की तस्करी में शामिल थे। पुलिस ने कार से चार अलग-अलग बोरों में भरी कुल एक क्विंटल 1 किलो 870 ग्राम अफीम डोडा भूसी बरामद की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह मादक पदार्थ रांची के बुंडू थाना क्षेत्र के चक गांव से खरीदा गया था। 14 सौ रुपए प्रति किलोग्राम की दर से खरीदते थे गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वे चक गांव से डोडा भूसी 1400 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से खरीदते थे। इसे उत्तर प्रदेश के बरेली में 7 से 8 हजार रुपए प्रति किलोग्राम में बेचा जाता था, जिससे उन्हें भारी मुनाफा होता था। एसपी रिष्मा रमेशन ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर सदर थाना प्रभारी लाल जी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने पांकी रोड से पड़वा की ओर जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया सिंगराकला गांव में NH-39 पर एक लाइन होटल के पास संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मेदिनीनगर की ओर से पड़वा की ओर तेज गति से आती एक कार संदिग्ध दिखी। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान बरेली के पुराना शहर, गोटिया निवासी मोहम्मद चांद (23) और जीशान (30) के रूप में हुई है। उनके पास से बरामद मोबाइल फोन की जांच की जा रही है ताकि उनके पूरे तस्कर नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *