देवास में शालिनी रोड स्थित जनता नागरिक सहकारी साख समिति (जनता बैंक) को नया स्वरूप देने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। 1938 में निर्मित यह इमारत अब जर्जर हालत में होने के कारण बिल्डिंग को अब तोड़ा जा रहा है। इसकी जगह नई बिल्डिंग बनेगी। यह भवन शहर की ऐतिहासिक धरोहरों में से एक माना जाता है। लंबे समय से इसकी हालत खराब थी, जिसके चलते इसके पुनर्विकास की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नगर में चल रही अतिक्रमण हटाओ मुहिम और सड़क चौड़ीकरण कार्यों के बीच प्रशासन अब पुराने और कमजोर भवनों के पुनर्विकास पर भी ध्यान केंद्रित कर रहा है। इसी क्रम में जनता बैंक भवन को तोड़कर आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। जिम्मेदारों के अनुसार, यह कदम सुरक्षा के साथ-साथ भविष्य के शहरी विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। नया भवन शहर की पहचान को बनाए रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और एमजी रोड की सुंदरता में भी योगदान देगा।


