जैसलमेर शहर के मध्य स्थित चर्चित गोल्डन स्पा सेंटर पर पुलिस ने मंगलवार दोपहर बड़ी कार्रवाई अंजाम दी। कोतवाली थाना प्रभारी सुरजाराम तथा सीओ सिटी रूप सिंह इंदा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्पा सेंटर में दबिश दी, जहां से स्पा के मैनेजर राजेश सैनी और एक महिला को पीटा एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 3 लाख 14 हजार रुपए की नकदी भी बरामद की है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को कुछ दिनों से स्पा में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। मंगलवार को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिलने पर टीम ने दोपहर बाद अचानक दबिश दी। कार्रवाई करीब पांच घंटे तक चली, जिसके दौरान स्पा सेंटर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पूरे सेंटर की तलाशी ली और मौजूद लोगों से पूछताछ भी की। स्पा सेंटर में चल रहा था देह व्यापार इस संबंध में सीओ सिटी रूप सिंह इंदा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा—“हमें कुछ समय से स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। पुख्ता सूचना मिलने पर टीम ने कार्रवाई की, जिसमें मैनेजर और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके से बड़ी रकम बरामद की गई है। हमारी प्राथमिकता शहर में ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाना है। किसी भी तरह की अनैतिक हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे की जांच में और नाम सामने आए तो उनपर कार्रवाई होगी।” स्पा सेंटर में तीन अन्य युवतियां भी थी दबिश के समय स्पा में तीन और युवतियां मौजूद थीं, लेकिन प्रारंभिक पूछताछ में वे किसी अवैध गतिविधि में शामिल नहीं पाई गईं। पुलिस ने इस मामले में स्पा सेंटर के संचालक प्रमोद निवासी अजमेर को भी नामजद किया है। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के अन्य स्पा संचालकों में भी खलबली देखी गई। पुलिस टीम स्पा सेंटर से मिले दस्तावेजों और मोबाइल रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें और कौन-कौन शामिल है। 3 लाख 14 हजार भी बरामद पुलिस टीम ने गोल्डन स्पा सेंटर में दबिश दी, जहां से स्पा के मैनेजर राजेश सैनी और एक महिला को पीटा एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 3 लाख 14 हजार रुपए की नकदी भी बरामद की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और बरामद नकदी और दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं। सीओ सिटी ने बताया कि अगर कोई भी स्पा सेंटर इस तरह की अवैध गतिविधियों में लिप्त पाया गया तो उसपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


