धौलपुर जिले में मौसम ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिया हैं। पिछले 4 दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड ने लोगों का हाल बेहाल कर रख दिया है। गुरुवार से बदले मौसम के मिजाज के बाद शनिवार को धौलपुर जिला सबसे सर्द रहा। धौलपुर जिले का शनिवार को अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि रविवार रात को न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री दर्ज किया गया है। पिछले चार दिनों से सूर्य देव ने अपने दर्शन नहीं दिए हैं। जिसके चलते ओस और गलन भरी सर्दी से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त है। हिमाचल में हुई बर्फबारी का असर धौलपुर जिले के मैदानी क्षेत्र में देखा गया है। पिछले चार दिनों से जिले में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने पिछले दिनों घने कोहरे और गलन भरी सर्दी की चेतावनी दी थी। शनिवार की तरह रविवार सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। कोहरे से विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। प्रतिवर्ष सर्दी के कहर को देखते हुए नगर परिषद द्वारा अलाव की व्यवस्था कराई जाती थी। इस साल धौलपुर शहर में लोग अपने स्तर से ही अलाव जलाकर सर्दी से बचते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में सर्दी और भी बढ़ेगी।


