बालाघाट में आधार अपडेट कराने पहुंच रहे विद्यार्थी:सुबह 6 बजे से ठंड में लगी लंबी लाइनें; पेरेंट्स बोले- जिम्मेदार अधिकारी बेखबर

बालाघाट जिले में स्कूली विद्यार्थियों को आधार कार्ड अपडेट कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परीक्षा से ठीक पहले उन्हें अपने गांवों से कई किलोमीटर दूर बालाघाट आकर यह काम करवाना पड़ रहा है। ठंड के मौसम में सुबह से ही पेरेंट्स के साथ बच्चों को आधार केंद्रों पर पहुंचना पड़ रहा है। जिले में आधार अपडेशन का कार्य बालाघाट के दो केंद्रों पर हो रहा है। यहां विद्यार्थियों को सुबह 6 बजे से ही लाइन में लगना पड़ रहा है। एक ही दिन में अपडेशन होने की कोई गारंटी नहीं है, जिससे विद्यार्थियों और पेरेंट्स को अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। पेरेंट्स और विद्यार्थी वाहनों से सुबह जल्दी केंद्रों पर पहुंचकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। केंद्रों पर छात्रों की बढ़ती संख्या के कारण भीड़ देखी जा रही है। आधार अपडेट कराने के लिए पोस्ट ऑफिस पहुंच रहे विद्यार्थी किरनापुर, परसवाड़ा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से विद्यार्थी आधार अपडेट कराने के लिए पोस्ट ऑफिस और नगर पालिका कार्यालय पहुंच रहे हैं। इस समस्या पर न तो छात्रों के हितों की बात करने वाले सामने आ रहे हैं और न ही शिक्षा विभाग गंभीर दिख रहा है। जिम्मेदार अधिकारी इस स्थिति से बेखबर बने हुए हैं। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी अश्विनी उपाध्याय ने बताया कि यह कार्य डीपीसी (जिला परियोजना समन्वयक) के माध्यम से होना चाहिए था और इसके लिए मशीनें स्कूलों में लगाई जानी थीं। उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी में ऐसी कोई प्रक्रिया अब तक नहीं हुई है और उन्हें इसकी कोई सूचना नहीं है। उपाध्याय ने डीपीसी से चर्चा कर जानकारी देने की बात कही। हालांकि, विद्यार्थियों के आधार अपडेशन के लिए वरिष्ठ स्तर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं, जिनमें जिम्मेदारों को इस कार्य को सुनिश्चित करने को कहा गया है। पेरेंट्स बोले- यदि आधार अपडेट नहीं हुआ तो परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा किरनापुर क्षेत्र के रमगढ़ी निवासी कमलेश गजभिए जो बालाघाट पहुंचे थे, उसने बताया कि स्कूलों में बच्चों से कहा गया है कि यदि वे आधार अपडेट नहीं करवाएंगे तो उन्हें परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। एक अन्य पेरेंट्स लिंगा परसवाड़ा निवासी जोगेन्द्र पारधी बताते है कि स्कूलों में 15 साल से ज्यादा आयुवर्ग के बच्चों को आधार अपडेशन करवाने कहा गया है। सेंटर में भयंकर भीड़ है, ऐसे में हम कैसे करें। नैतरा निवासी छात्र आर्यन शेंडे ने बताया कि 50 फॉर्म ही लिए जा रहे है। जिसके कारण, आधार अपडेशन करवाने में समस्या हो रही है। जानकार बताते है कि यदि सर्वर सही चले तो फर्म समिट हो जाता है लेकिन कार्ड बनने में समय लगता है। फिलहाल इस पूरे मामले से जिला शिक्षा अधिकारी के बताए अनुसार, हमने डीपीसी घनश्याम प्रसाद बर्मन से इस मामले में चर्चा करने, उन्हें कॉल किया लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। ऐसे में पग-पग पर विद्यार्थियों को आधार अपडेशन करवाने के लिए भटकना पड़ रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *