मनेंद्रगढ़ | वन मंडल के रिहायशी इलाकों में उत्पाती भालुओं के आतंक के कारण पैदा हुई गंभीर स्थिति पर उच्च स्तरीय प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर वन विभाग ने मादा भालू और उसके 2 शावकों को सुरक्षित पकड़ने के लिए ऑपरेशन ट्रेंक्युलाइज का प्रस्ताव तैयार किया है। डीएफओ मनीष कश्यप ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) को आपात पत्र भेजकर भालुओं को ट्रेंक्युलाइज करने की अनुमति मांगी है। पत्र में उन्होंने बताया कि भालू रिहायशी इलाकों में भोजन की तलाश में लोगों के घरों और कॉलोनियों तक घुसकर विचरण कर रहे हैं। पत्र में डीएफओ ने उल्लेख किया कि मादा भालू और उसके शावक प्रतिदिन सुबह 3 बजे तक घरों के आसपास घूमते हैं, जिससे ग्रामीण भयभीत और जागते रहते हैं।


