प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा हाल ही में घोषित किए गए जैसलमेर जिले के नए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर आगामी 6 दिसंबर, शनिवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण करेंगे। पदभार ग्रहण समारोह कांग्रेस कार्यालय में आयोजित किया जाएगा, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या उपस्थित रहने की संभावना है। अमरदीन फकीर की नियुक्ति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कुछ दिनों पहले की थी। उनके चयन के बाद से ही जैसलमेर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जिलेभर से उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगातार लगा हुआ है। वरिष्ठ नेताओं को दिया निमंत्रण नियुक्ति के बाद अमरदीन फकीर ने जिले के सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने को लेकर मंत्रणा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा करते हुए सभी को पदभार ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया है। वे पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव, जानब खान, हुसैन फकीर आदि से मिले और उनको 6 दिसम्बर के दिन कांग्रेस कार्यालय आने का निमंत्रण दिया। पूर्व प्रधान है अमरदीन, पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद के भाई अमरदीन फकीर इससे पहले पंचायत समिति जैसलमेर के प्रधान रह चुके हैं और संगठन में कार्यकारी जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार उनकी नियुक्ति संगठन में संतुलन और व्यापक सामाजिक प्रतिनिधित्व के तहत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रदेश नेतृत्व को उम्मीद है कि अमरदीन फकीर के नेतृत्व में क्षेत्र में कांग्रेस मजबूत होगी और आगामी चुनावों में कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो सकेगा। पूर्व MLA से मिले, गुटबाजी खत्म का दिया सन्देश जिलाध्यक्ष बनने के बाद अमरदीन सीधे पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव के घर पहुंचे थे और उनसे मुलाकात की। सियासी गलियारों में इसे कांग्रेस के लिए एक बड़ा सुखद संकेत माना जा रहा है। इसके साथ ही वे जानब खान और हुसैन फकीर से मिले और उनको निमंत्रण दिया। जैसलमेर कांग्रेस के फकीर और धनदेव दोनों धड़ों की आपसी गुटबाजी और लड़ाई में पिछले पंचायत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस हार चुकी है। अमरदीन फकीर ने इसे स्वीकार करते हुए कहा की- पिछली गलतियों को नहीं दोहराया जाएगा, और कांग्रेस समर्थकों के विश्वास को टूटने नहीं देंगे। जिलाध्यक्ष अमरदीन का अब तक का राजनीति का सफर एनएसयूआई प्रदेश सचिव — 2008 से 2009
जिला परिषद सदस्य — 2010 से 2014
युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव — 2010 से 2015
प्रधान पंचायत समिति जैसलमेर — 2015 से 2020
युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष — 2016 से 2022
प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव लड़ा और दूसरे स्थान पर रहे — 2022
कार्यकारी अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी — 2024 से लगातार


