बाड़मेर पुलिस ने मॉडिफाइड वाहनों के फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। वाहन को अवैध रूप से मॉडिफाइड करके फर्जी व कूटरचित कागजात बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया- रीको थाना में दर्ज मामले में मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान उम्मेदसिंह निवासी रामदेव नगर, मोडली डूंगरी, बाड़मेर के रूप में हुई है। आरोपी कार मैकेनिक है। वह लंबे समय से पुरानी कारों, बाइकों की रिपेयरिंग और मॉडिफाइड वाहन तैयार करने का काम करता है। पुलिस ने बताया कि रीको थाना टीम ने आरोपी उम्मेदसिंह को गिरफ्तार किया है और उसके बताने पर फर्जी पंजीयन वाले मॉडिफाइड वाहन के चेसिस को भी बरामद किया है। शिकायत पर हुआ खुलासा पुलिस के अनुसार शिव थाना इलाके बरसिंगा गांव निवासी सुरेश कुमार पुत्र परागाराम ने रीको थाना में रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि महेंद्रा जीप पंजीयन नंबर की अंसली नंबर प्लेट, चेसिस नंबर और इंजन नंबर की जानकारी चुरा ली। पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की। दूसरे वाहन की नंबर प्लेट, चैसिस और इंजन नंबर चुराए आरोपी उमेदसिंह कार मैकेनिक है। पुरानी कार, बाइक वगैरा की रिपेयरिंग व मॉडिफाइड वाहन तैयार करने का काम बीते कई सालों से करता है। आरोपी उमेदसिंह अपने गैरेज से अलग-अलग वाहनों के पार्ट्स को जोड़कर एक मॉडिफाइड वाहन तैयार करता था। उसके बाद मॉडिफाइड वाहन पर पंजीयन नंबर, प्लेट, चेसिस और इंजन नंबर लिखवाकर फर्जी व कूटरचित दस्तावेज के आधार पर जिला परिवहन ऑफिस बाड़मेर से अपने स्वंय के नाम से पंजीयन करवाता।


