सीकर में पारा जमाव बिंदु के करीब, आज 1.5डिग्री दर्ज:अलाव तापकर सर्दी से बचाव कर रहे लोग, 3 दिन शीतलहर का अलर्ट

सीकर में 2 दिन पहले हुई मावठ के बाद सर्दी तेज हो गई है। ग्रामीण इलाकों में ठंड से धूजणी छूट रही है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है। बीती रात ठंडी हवाएं भी चलीं और दिन में सर्दी का अहसास हुआ। आज सुबह न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री दर्ज किया गया है। मावठ होने की वजह से सरसों व गेहूं की फसल में फायदा होने की उम्मीद है। सीकर में आज प्रदेश‌ का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। आज सुबह सीकर जिला मुख्यालय और फतेहपुर इलाके में छितराए बादल भी नजर आए। सीकर जिले में बादलों के कारण दिन में धूप कमजोर है, इस वजह से दिन में भी हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। अधिकतम तापमान पिछले एक सप्ताह से लगभग 26 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने सीकर जिले के लिए 4 दिसंबर तक कोल्ड वेव चलने का अलर्ट भी जारी किया है। बात करें सीकर के तापमान की तो आज सीकर में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले यहां पर बुधवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया था। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार सीकर में तेज सर्दी का ये दौर फिलहाल जारी रहेगा। 2 दिन बाद फिर मौसम में बदलाव की संभावना है। वहीं, अब प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में एक सप्ताह तक मौसम ड्राई रहेगा। मौजूदा समय में शेखावाटी एरिया में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया जा रहा है। अगले 2-3 दिन में सीकर इलाके में तापमान में गिरावट स्थिर रहेगी। अगले 4 दिन तक सीकर समेत शेखावाटी एरिया में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के नीचे रह सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *