मंडरायल में खाद किल्लत पर किसानों ने जताया विरोध:कृषि मंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, MP के किसानों को बेचने का आरोप

मंडरायल क्षेत्र में खाद की किल्लत के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। बुवाई के सीजन में खाद की समय पर उपलब्धता नहीं होने से परेशान किसानों ने कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के नाम मंडरायल तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मंडरायल उपखंड मुख्यालय पर 8-10 खाद-बीज की दुकानें संचालित हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश दिन के समय बंद रहती हैं। किसानों का कहना है कि कुछ दुकानदार जानबूझकर दिन में बिक्री रोक देते हैं और रात के समय दुकानें खोलकर मध्यप्रदेश के व्यापारियों को खाद की आपूर्ति करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इन परिस्थितियों में केवल शंकर खाद-बीज भंडार ही दिन में खुली रहती है। इसके चलते इस दुकान पर खाद खरीदने के लिए किसानों की लंबी कतारें लग जाती हैं और उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। किसानों का आरोप है कि सरकार द्वारा पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन कुछ दुकानदार निजी लाभ के लिए किसानों को समय पर खाद नहीं दे रहे हैं। वे खाद के लिए अधिक दाम वसूलने का भी प्रयास करते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी खाद दुकानदारों को प्रतिदिन नियमित रूप से दुकानें खोलने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही, दुकानों पर अनिवार्य रूप से रेट लिस्ट चस्पा कराई जाए, जिससे कालाबाजारी पर रोक लग सके और किसानों को राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने वालों में विजय सिंह, रामवार मीणा, पंचायत समिति सदस्य मनोज सिंह जादौन और कई अन्य ग्रामीण शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *