71 साल के बुजुर्ग और पोता लुटेरों से भिड़े:खिलचीपुर में बदमाश भागते समय दूसरी बाइक से टकराए, उठकर लगाई दौड़

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर के चर्चित किराना व्यापारी 71 वर्षीय श्याम सुंदर गुप्ता (काला भाटा वाले) पर बुधवार रात करीब 8 बजे लूट की कोशिश हुई। बस स्टैंड पर उनकी थोक किराना दुकान है। रोज की तरह वे दुकान बंद कर करीब सवा लाख रुपये नकद एक थैले में रखकर अपने पोते मधुर गुप्ता के साथ घर लौट रहे थे। दोनों मोटरसाइकिल से पुराने सब्जी बाजार वाले रास्ते से होते हुए पिपली बाजार स्थित घर की ओर बढ़ रहे थे। पीछा करते रहे बदमाश, गली में दबोचने की कोशिश की श्याम सुंदर गुप्ता ने बताया कि जैसे ही वे बड़ी गली जाने के लिए पुराने सब्जी बाजार की तरफ बढ़े, उन्होंने महसूस किया कि बाइक पर सवार दो बदमाश उनका पीछा कर रहे हैं। उनमें से एक बदमाश बाइक को थोड़ी दूरी पर खड़ा कर दिया, जबकि पीछे बैठा लाल गमछे से चेहरा ढके नकाबपोश युवक अचानक दौड़ता हुआ उनकी बाइक के पास आया और थैला छीनने लगा। दो मिनट तक चली छीना-झपटी वारदात को अंजाम देने आए बदमाश ने व्यापारी के हाथ से थैला झपटने की पूरी कोशिश की, लेकिन 71 साल की उम्र के बावजूद श्याम सुंदर गुप्ता ने हिम्मत नहीं हारी। करीब दो मिनट तक व्यापारी, उनका पोता और बदमाश के बीच छीना-झपटी, धक्का-मुक्की चली। संघर्ष में थैले की एक कसी टूट गई, लेकिन गुप्ता ने थैला नहीं छोड़ा। आखिरकार उन्होंने बदमाश को एक जोरदार लात मारी, जिससे वह नीचे जा गिरा और फिर भाग निकला। शोर सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकलने लगे। घबराए बदमाश घाटी के नीचे खड़ी अपनी बाइक पर बैठकर तेजी से भागे, लेकिन जल्दबाजी में उनकी बाइक इमली स्टैंड के पास रिलायंस टावर के पास सामने से आ रही दो युवकों की बाइक से टकरा गई। टक्कर में बदमाश गिर पड़े, फिर जल्दी से बाइक उठाई और भाग निकले। लेकिन जिन युवकों की बाइक को टक्कर मारी थी, वे भी बदमाशों के पीछे लग गए। पीछा करते हुए दोनों युवक खिलचीपुर कृषि उपज मंडी परिसर तक पहुंच गए जहां धक्का-मुक्की के बाद बदमाश अपनी बाइक वहीं छोड़कर भागे। युवक बाइक को उठाकर सीधे खिलचीपुर थाने ले आए। व्यापारी भी थाने पहुंचे, पुलिस ने दर्ज किया मामला इधर लूट की कोशिश से बचने के बाद व्यापारी श्याम सुंदर गुप्ता भी कुछ लोगों के साथ थाना पहुंचे और पूरी घटना बताई। पुलिस ने उनकी शिकायत पर लूट की कोशिश की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रात करीब 10 बजे टीआई उमाशंकर मुकाती खुद टीम के साथ आरोपियों की तलाश में निकल पड़े। सीसीटीवी में कैद हुए फुटेज भागते समय जिस जगह बदमाशों ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मारी, वहां मौजूद सीसीटीवी कैमरों में फुटेज कैद हुए हैं, जिनके आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान कर रही है। व्यापारी श्याम सुंदर गुप्ता ने कहा- “दो बदमाश बाइक से हमारा पीछा कर रहे थे। मेरे पास सवा लाख रुपए थे। एक बदमाश के चेहरे पर लाल गमछा बंधा था। उसने थैला झपटने की कोशिश की, हमने दो मिनट तक संघर्ष किया। मैंने उसका गमछा खींच लिया था और उसे लात मारी थी। इसके बाद वह भाग निकला। थाने में आकर शिकायत की है।” टीआई उमाशंकर मुकाती ने बताया कि व्यापारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मौके पर जाकर जांच की है। सीसीटीवी फुटेज देख रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *