बैतूल बाजार में चाकू की नोक पर लूट का खुलासा:जेल में बंद आरोपी की निशानदेही से जंगल में दबे सोने के आभूषण मिले

बैतूल बाजार पुलिस ने ताप्ती घाट मोड़ पर चाकू की नोक पर हुई लूट का खुलासा करते हुए गुरुवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं। यह घटना 11 मई 2025 की रात करीब 11:30 बजे हुई थी। फरियादी दीपचंद राठौर और उनकी पत्नी ताप्ती घाट मोड़ से गुजर रहे थे, तभी तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें चाकू दिखाकर रोक लिया। बदमाशों ने महिला के सोने के कान के झुमके और मंगलसूत्र छीन लिए थे, जिनकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपए बताई गई थी। घटना के बाद थाना बैतूल बाजार में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण का सहारा लिया। इसके आधार पर संजू उर्फ संजय परते, मोहित उइके और लंगडू को आरोपी के रूप में चिह्नित किया गया। मुख्य आरोपी संजू परते पहले से ही जेल में बंद था। पुलिस ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया और घटना स्थल ताप्ती घाट क्षेत्र ले गई। संजू की निशानदेही पर जंगल में अर्जुन के पेड़ के नीचे छिपाए गए सोने के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल अन्य दो आरोपी मोहित उइके और लंगडू अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे रात के समय यात्रा करते वक्त सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाने को दें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *