सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत भिंड पुलिस ने गुरुवार को पूरे जिले में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। एसपी डॉ. असित यादव के निर्देशन में यह कार्रवाई सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक लगातार जारी रही। अभियान में जिला पुलिस की सभी चौकियों, थानों और प्रमुख मार्गों पर संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 1061 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹3,18,300 का स्पॉट फाइन वसूला गया। पुलिस ने विशेष रूप से बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना वैध बीमा, बिना HSRP नंबर प्लेट और ओवर स्पीड जैसे गंभीर उल्लंघनों पर जीरो टॉलरेंस अपनाया। अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या तभी कम हो सकती है जब आम नागरिक यातायात नियमों का पालन करने की आदत विकसित करें। इसलिए अभियान का मकसद केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता और व्यवहारिक बदलाव लाना भी है। अभियान के दौरान कई दोपहिया वाहन चालकों ने पुलिस की समझाइश को गंभीरता से लेते हुए आगे से नियमित रूप से हेलमेट पहनने का संकल्प लिया। पुलिस टीमों ने मार्गों पर रुकते हुए आम लोगों को यातायात सुरक्षा के महत्व के बारे में बताया और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया। एसपी डॉ. असित यादव ने कहा कि भिंड पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान और उसके बाद भी जिले में ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि हर नागरिक सुरक्षित घर पहुँच सके और यातायात अनुशासन को मजबूती मिल सके।


