मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर दौरे के दौरान प्रदेशवासियों को चीता दिवस की बधाई दी। उन्होंने बताया कि चीता परियोजना के तहत दो चीता शावकों को खुले बाड़े में छोड़ा गया है, जो इस परियोजना की बड़ी सफलता का प्रतीक है। सीएम डॉ. यादव ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के भतीजे की शादी समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नवदंपति को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इसी बीच, ग्वालियर पहुंचे उप मुख्यमंत्री राकेश शुक्ल ने प्रदेश में कांग्रेस के विधानसभा प्रदर्शन को ‘कुंठित मानसिकता का प्रदर्शन’ बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष से गंभीरता की उम्मीद की जाती है, लेकिन कांग्रेस केवल आरोप लगाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करती है, जिसके कारण वह लगातार कमजोर हो रही है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्रदेश में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए सरकार के प्रयासों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं और पीपीपी मॉडल के तहत बैतूल, धार और कटनी में मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिल चुकी है।


