भास्कर न्यूज | लुधियाना आंगनवाड़ी मुलाजिम यूनियन पंजाब (सीआईटीयू) ने घोषणा की कि वह 8 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के लुधियाना स्थित गिल रोड दाना मंडी के पास स्थित कार्यालय का घेराव करेगी। यूनियन की सूबाई प्रधान सुशील रानी ने बताया कि यह रोष प्रदर्शन ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स के देशव्यापी आह्वान के तहत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आईसीडीएस योजना के 50 वर्ष पूरे होने के बावजूद केंद्र सरकार ने इसे विभाग का दर्जा देने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर आज भी बहुत कम मान भत्ते पर काम करने को मजबूर हैं। गुजरात हाईकोर्ट ने वर्करों को ग्रेड-3 व ग्रेड-4 का वेतनमान देने और सुप्रीम कोर्ट ने ग्रेच्युटी व न्यूनतम वेतन लागू करने के निर्देश दिए थे, पर सरकार ने अब तक इन्हें लागू नहीं किया। इसके बजाय एफआरएस के नाम पर काम का बोझ और बढ़ा दिया गया है, जिससे वर्करों में भारी नाराजगी है। यूनियन ने 1 से 8 दिसंबर तक चुने हुए जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगने का अभियान चलाया है। यूनियन ने सभी आंगनवाड़ी वर्कर व हेल्पर से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।


