भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर/बरबसपुर कोरिया और एमसीबी जिले में स्कूल-कॉलेज के मैदान मंगल भवन में तब्दील हो जाते हैं। इस के बाद मैदान में डिस्पोजल समेत अन्य प्रकार की गंदगी पड़ी रहती है। इसकी सफाई नहीं कराई जाती है। मैदान में टेंट लगाने अनुमति तक स्कूल प्रबंधन से नहीं ली जाती है। स्थानीय होने की वजह से स्कूल प्रबंधन स्वच्छता को लेकर कोई सख्ती नहीं बरतता है। ऐसे ही एक मामले में शासकीय प्राथमिक शाला बरबसपुर में विवाह कार्यक्रम आयोजित करने के मामले पर डीईओ ने प्रधान पाठक रधुनाथ प्रसाद को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दरअसल, मामले में समाचार प्रकाशित होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। 26 नवंबर विद्यालय परिसर में विवाह समारोह आयोजित किया गया, जिसके बाद परिसर में बड़ी मात्रा में कचरा और डिस्पोजल सामग्री फैली मिली। कार्यक्रम होने के बाद मैदान की सफाई नहीं कराई। आयोजन की अनुमति किस अधिकारी से प्राप्त की गई या प्रधान पाठक ने स्वयं स्वीकृति दी, इस पर स्पष्टीकरण मांगते हुए डीईओ ने दो दिनों के भीतर कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि तय समय में जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा जवाब संतोषजनक न पाए जाने की स्थिति में प्रधान पाठक के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


