वनरक्षक पर हमला: दो आरोपी गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | राजपुर राजपुर के सागौन बीट प्रभारी वनरक्षक प्रमीत कुमार एक्का पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। घटना 30 नवंबर 2025 को हुई थी, जब वनरक्षक बाघ गणना के लिए ट्रांज़िट लाइन तैयार कर रहे थे। वनरक्षक प्रमीत एक्का ने राजपुर थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया था कि 30 नवंबर की दोपहर करीब 2 बजे वह वनखंड कक्ष क्रमांक 2758 में बाघ गणना के कार्य में लगे थे। उसी दौरान, जंगल के भीतर तीन युवक शराब पीते हुए मिले। वनरक्षक ने उन्हें वहां से कहीं और जाकर शराब पीने की समझाइश दी। समझाइश देने पर, उनमें से एक व्यक्ति अपने दो साथियों के साथ वनरक्षक से उलझ गया। आरोपियों ने धक्का-मुक्की करते हुए वनरक्षक के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद, एक आरोपी ने पत्थर से हमला कर वनरक्षक के सिर और चेहरे पर चोट पहुंचाई। उन्होंने वनरक्षक के सरकारी वाहन क्रमांक सीजी 15 सीटी 0384 पर भी पत्थर से वार किया और उसका शीशा तोड़ दिया। घटना के बाद, आरोपियों के खिलाफ राजपुर थाने में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान, पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सूर्यप्रताप सिंह (23 वर्ष) और संतोष कुजूर (27 वर्ष), दोनों निवासी दामोदरपुर (थाना शंकरगढ़) को 3 दिसंबर को गिरफ्तार कर लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *