खूंटाघाट से बिरकोना ट्रीटमेंट प्लांट के लिए पानी रिलीज, आज शाम से होगी पूरी सप्लाई

सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर नहर रिपेयरिंग का काम पूरा होते ही शुक्रवार को खूंटाघाट से बिरकोना वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए पानी छोड़ दिया गया। कई दिनों से प्रभावित जलापूर्ति अब पटरी पर लौटने लगी है। अमृत मिशन की 26 किमी लंबी मेन लाइन से पानी दो अलग-अलग टंकियों तक पहुंचेगा। टंकियां भरने के बाद इसे मेन टंकी में भेजकर फिल्टरिंग की प्रक्रिया की जाएगी। निगम अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह तक सभी टंकियां भरकर सप्लाई के लिए तैयार हो जाएंगी। रिपेयरिंग के कारण अमृत मिशन की सप्लाई पूरी तरह बंद थी, जिससे कई वार्डों में पेयजल संकट गहरा गया था। लोगों को पीने के पानी से लेकर घरेलू जरूरतों तक के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर निर्भर रहना पड़ा। अब नहर मरम्मत पूरा होने और पानी छोड़े जाने के बाद शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम से सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। शुरुआत में प्रेशर सामान्य रखने और लाइनों की स्थिरता जांचने के लिए नियंत्रित प्रवाह रखा जाएगा। तकनीकी टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कहीं लीकेज या फ्लो में कमी जैसी समस्या न आए। नगर निगम का दावा है कि सप्लाई बहाल होते ही शहर की पानी की जरूरतें सामान्य रूप से पूरी होने लगेंगी। कई दिनों बाद लोगों को राहत मिलने जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *