भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिले में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें लोहरदगा जिले के सभी सरकारी तथा निजी अस्पताल एवं नर्सिंग होम के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल माध्यम से जोड़ना था। कार्यशाला में राज्य स्तर से आए प्रशिक्षक मौजूद रहे। जिनमें सीबीओ डॉ. रंजना सिन्हा, हरेंद्र कुमार, अभय शामिल थे। जिला स्तर से जिला डिजिटल प्रबंधक (डीडीएम) जाहिद, सिविल सर्जन, उपाधीक्षक सदर अस्पताल, सभी प्रखंडों के प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी (एमओआईसी) व प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) उपस्थित रहे।।कार्यशाला में लोगों का आभा पहचान संख्या सभी अस्पतालों का स्वास्थ्य सुविधा रजिस्टर तथा सभी चिकित्सकों का स्वास्थ्य व्यवसायी रजिस्टर तैयार करने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि आम जनता के लिए आभा पहचान संख्या स्वास्थ्य डेटा को डिजिटल रूप से सुरक्षित व एकीकृत रखने में सहायक होगी। साथ ही सभी अस्पतालों को स्वास्थ्य सुविधा रजिस्टर तथा सभी डॉक्टरों को स्वास्थ्य व्यवसायी रजिस्टर में नामांकन अनिवार्य रूप से करवाना होगा। प्रशिक्षकों ने स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण, पंजीकरण की प्रक्रिया, डेटा सुरक्षा, भविष्य की डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था तथा जन-हित में इसके उपयोग पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यशाला का उद्देश्य जिले में डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत बनाना तथा मरीजों को अधिक सुगम, पारदर्शी और आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रहा।


