ग्रामीण स्वास्थ्य, महिला स्वावलंबन व सामाजिक कार्यों को गति देने पर बैठक में विशेष जोर

लोहरदगा|सेवा भारती लोहरदगा की जिला स्तरीय बैठक गुरुवार को जिला अध्यक्ष दीपक सर्राफ की अध्यक्षता में डॉ. कुमुद अग्रवाल के बौली बगीचा स्थित क्लीनिक परिसर में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी सह संरक्षक गुरुशरण प्रसाद और प्रांतीय प्रसार प्रबंधक जितेंद्र कुमार विजय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता की तस्वीर पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिला अध्यक्ष ने गुरुशरण जी को श्रीमद्भागवत गीता की पुस्तिका भेंट कर उनका स्वागत किया। बैठक में प्रांतीय संरक्षक गुरुशरण प्रसाद ने सेवा भारती के सामाजिक दायित्वों और संगठन को और सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि गांवों में रहने वाले लोगों को समय पर उपचार और जागरूकता मिल सके। उन्होंने सुझाव दिया कि सभी प्रखंडों में कुछ चयनित महिलाओं को प्रशिक्षण देकर स्वास्थ्य जांच किट प्रदान की जाए, जिससे वे स्थानीय स्तर पर मरीजों का प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी मदद कर सकें। जिला अध्यक्ष दीपक सर्राफ ने बताया कि लोहरदगा में सेवा भारती सामाजिक कार्यों में निरंतर सक्रिय है। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत हर रविवार को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जा रहा है और जल्द ही प्रत्येक माह ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक दिन सुबह एक घंटे का योग शिविर भी संचालित किया जा रहा है। जिला अध्यक्ष द्वारा असहाय व गरीब परिवारों के बीच कंबल वितरण किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *