भास्कर न्यूज | सिहावा दंतेश्वरी मंदिर परिसर में पारंपरिक फूल मड़ाई का आयोजन उत्साह और धार्मिक श्रद्धा के माहौल में संपन्न हुआ। सिहावा सहित आसपास के गांवों से देवी-देवताओं, आंगा देव, सिरहा और विभिन्न देवस्थानों के पुजारी व प्रतिनिधि मेले में शामिल हुए। परंपरागत रीति के अनुसार सभी देवी-देवताओं ने मेला स्थल की ढाई परिक्रमा कर फूल मड़ाई में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह के दौरान श्रद्धालुओं ने सभी देवी-देवताओं का पुष्पहार और श्रीफल अर्पित कर स्वागत किया। दंतेश्वरी मड़ाई के चलते सुबह से ही मंदिर परिसर में मां दंतेश्वरी और माता मावली के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों और भक्तिमय वातावरण ने पूरे आयोजन को उल्लासमय बना दिया। परंपरा का सम्मान करते हुए क्षेत्रवासियों ने सभी देवी-देवताओं को श्रीफल देकर विधिवत विदाई दी। फुल मड़ाई में बाबा बालगिर, मां शीतला, दंतेश्वरी माई, भुरसी मौली माता और ठाकुर देव बाबा समेत क्षेत्र के विभिन्न देवी-देवताओं की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। ग्राम पटेल राजेश यदु ने बताया कि फुल मड़ाई हमारे क्षेत्र की एक प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा है, जिसमें सभी देवी-देवताओं का संगम होता है। ग्रामीणों और आयोजन समिति की संयुक्त मेहनत से इस साल भी मड़ाई का सफल आयोजन संभव हो पाया। इस आयोजन में नारायण पटेल, देवव्रत गौतम, चिंताराम नायक, लतखोर पुजारी, मुरारी शांडिल्य, संतोष पटेल, नरेंद्र पटेल और दिनेश निषाद समेत समिति के सदस्य उपस्थित थे।


