भास्कर न्यूज | बेमेतरा जिले में बाल विवाह रोकथाम को लेकर बुधवार को महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और सरस्वती शिशु मंदिर लेंजवारा पहुंचकर छात्रों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्य, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की प्रमुख धाराओं और कम उम्र में विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी। बताया गया कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है बल्कि यह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। छात्रों को बाल विवाह उन्मूलन के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों ने छात्रों को विधिक सहायता, अधिकारों तथा उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, स्पॉन्सरशिप योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में प्राचार्य एवं शिक्षक, चाइल्ड हेल्पलाइन से आशीष जायसवाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र धरमु बारले और स्वाति कुंजाम शामिल रहे।


