भास्कर न्यूज | अमृतसर रणजीत एवेन्यू के दशहरा ग्राउंड में वीरवार को 19वें पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो (पाईटेक्स) की शुरूआत हो गई। देश-विदेश से करीब 550 कारोबारी अपने उत्पादों के साथ इस मेले में पहुंचे हैं। पहले ही दिन लोगों का उत्साह देखने लायक था और करीब 50 हजार लोग मेले में पहुंचे। मेले में स्वदेशी उत्पादों के साथ-साथ टर्की, अफगानिस्तान, थाईलैंड और अन्य देशों के व्यापारियों ने भी अपने स्टॉल लगाए हैं। इस मेले में शुक्रवार को देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद खास तौर पर पहुंचेंगे और रस्मी तौर पर इसका शुभारंभ करेंगे। पाईटेक्स हमेशा से व्यापारियों और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। यहां जहां स्थानीय कारोबारी अपने उत्पादों को देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचाते हैं, वहीं आम लोग नई-नई चीजों, फैशन, घरेलू सजावट और खाद्य पदार्थों की खरीददारी का आनंद लेते हैं। पहले दिन की भारी भीड़ से अंदाजा लगाया जा सकता है कि आने वाले दिनों में मेले का रौनक और बढ़ेगी। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार पाईटेक्स में रिकॉर्ड संख्या में लोग पहुंचेंगे और व्यापारियों को अच्छा कारोबार मिलेगा। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के मुताबिक इस बार साढ़े 3 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। अफगानिस्तान से पहुंचे कारोबारी अजमल ने बताया कि वह इस बार उच्च गुणवत्ता वाले ड्राई फ्रूट्स लेकर आए हैं। उनके अनुसार बादाम, काजू, अखरोट और अन्य इम्युनिटी बढ़ाने वाली चीजों की कीमत क्वालिटी के हिसाब से साढ़े 4 से 9 हजार रुपए प्रति किलो तक है। उन्होंने कहा कि अफगानी ड्राई फ्रूट्स की अपनी अलग पहचान और स्वाद है, जिस कारण लोग इन्हें खास पसंद करते हैं। थाईलैंड से पहुंची महिला कारोबारी जिनचांग ने बताया कि 2 साल से पाईटेक्स में भाग ले रही हैं। पंजाब के लोग खरीदारी में बहुत रुचि रखते हैं और खासतौर पर उनकी थाई ज्वेलरी बेहद पसंद करते हैं। उनके स्टॉल पर 3 हजार से शुरू होकर 50 हजार से डेढ़ लाख रुपए तक की आकर्षक आर्टिफिशियल ज्वेलरी उपलब्ध है। ज्वेलरी इतनी बेहतरीन और फाइन है कि देखने पर यह बिल्कुल असली जैसी लगती है। जिनचांग ने बताया कि यह ज्वेलरी न केवल टिकाऊ है, बल्कि कई बरसों तक नई जैसी बनी रहती है।


