जयपुर एयरपोर्ट पर मंगलवार को पार्सल स्केनिंग के दौरान मिली संदिग्ध बैटरीनुमा डिवाइस की जांच को लेकर डीसीपी ईस्ट संजीव नैन की टीम ने दिल्ली में पार्सल भेजने वाले तीन संदिग्धों से पूछताछ की। इसमें सामने आया कि स्पाई डिवाइस जुए में चीटिंग के लिए बनाई थी और हैदराबाद भेजने के लिए दिल्ली से कुरियर कंपनी में पार्सल बुक किया था, जो कार्गो में लगाने के बाद जयपुर एयरपोर्ट पर सूटकेस पकड़ा गया। जुआ खेलने के दौरान एप से ऑपरेट कर सामने वाले व्यक्ति के पतों की जानकारी जुटाकर चीटिंग की जाती है। स्पेशल कमिश्नर राहुल प्रकाश ने बताया कि इन लोगों को पूछताछ में शामिल होने के लिए नोटिस भी दिए हैं। इन सभी से जयपुर पुलिस के अलावा अन्य एजेंसियों ने भी पूछताछ की है। जयपुर से दिल्ली गई टीम ने 3 संदिग्धों से की पूछताछ, नोटिस दिया 1. संदीप कपूर, मीरा बाग: जुआ खेलने के लिए स्पाई डिवाइस बनी है। इसे जीएसएम स्पाई डिवाइस कहते है। ये चिप आधारित हैं, जो बैटरी से चलती हैं। नोटों के साथ फिट किया जाता हैं, ताकि शक ना हो। एप्लीकेशन से कोड वाले चिह्नित पत्तों को स्केन कर जानकारी देती है। दिल्ली में कई गिरोह 2012 से इसका उपयोग कर रहे। डिवाइस बेचने के लिए सनराइज नाम से कंपनी भी बना रखी है। 2. अमित बख्शी, रोहिणी (संदीप का बहनोई): अमित काफी समय से इस व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। वह कपंनी के प्रचार-प्रसार का जिम्मा संभालता है। अमित ने सभी जगह अपने मोबाइल नंबर भी अपलोड कर रखे हैं। जयपुर में पकड़ी गई डिवाइस का ऑर्डर मिलने के बाद ही उसने हैदराबाद भेजने के लिए डीटीडीसी कुरियर कंपनी में पार्सल बुक कराया था। 3. राधा बल्लभ शर्मा, रोहिणी: कुरियर कंपनी से जुड़े राधाबल्लभ ने बताया कि करीब 5 दिन पहले अमित बख्शी ने आंध्र प्रदेश के गुंटूर के लिए पार्सल बुक कराया था। वहां किसी शरीफ नाम के व्यक्ति को पार्सल रिसीव करना था।


