‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज में ‘मकबूल’ का दमदार किरदार निभाकर दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले एक्टर शाजी चौधरी इन दिनों जयपुर में हैं। एयरपोर्ट पर दैनिक भास्कर से खास बातचीत में उन्होंने बताया- ‘मिर्जापुर’ के चौथे सीजन के रूप में वेब सीरीज के अलावा फिल्म भी आएगी। इस फिल्म में बड़े बदलाव दिखेंगे। इसकी कहानी उत्तरप्रदेश से निकलकर राजस्थान के जोधपुर-जैसलमेर तक पहुंचेगी। ‘मकबूल’ फेम शाजी ने कहा- यह प्रोजेक्ट उनके लिए बेहद खास है। दर्शक इसे नए अंदाज में देखेंगे। साथ ही उन्होंने अपनी संघर्ष भरी जर्नी, किसान परिवार के मूल्यों और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर भी खुलकर बात की। मिर्जापुर इस बार फिल्म के जरिए आ रही है। आपका किस तरह का किरदार है और कैसे दर्शकों के दिल तक पहुंचने वाले हैं?
शाजी चौधरी: किरदार पहले जैसे ही हैं, जिस तरह वेब सीरीज में लोगों ने देखे हैं। हां, कहानी में बड़ा बदलाव है, जो देखने पर ही पता चलेगा। अभी कुछ भी रिवील नहीं कर पाएंगे।
मिर्जापुर वेब सीरीज आपके लिए कितनी खास है, इससे कितनी पहचान मिली है?
शाजी: मिर्जापुर हर एक एक्टर के लिए खास है, क्योंकि हर एक्टर को इस सीरीज ने बहुत कुछ दिया है। सभी को मुकाम दिया। मिर्जापुर के कारण ही ओटीटी की वेल्यू बढ़ी। लोग इस तरह आने लगे। मिर्जापुर ऐसे में एक मिसाल है।
आप एक किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। अब तक की जर्नी को कैसे देखते हैं?
शाजी: जर्नी पूरी तरह से संघर्ष वाली रही है। लेकिन मैं जिस परिवार से या समाज से आता हूं, वहां संघर्ष ही जीवन है। मेरे पेरेंट्स किसान हैं, हाथों से धरती की सेवा करते हैं और परिवार चलाते हैं। यहां तक पहुंचना मेरे लिए बहुत खास रहा है। मिर्जापुर फिल्म की शूटिंग जोधपुर में भी हुई है, किस तरह से अलग होने वाली है?
शाजी: मिर्जापुर फिल्म की शूटिंग राजस्थान में भी शूट हुई है। इसकी मूल कहानी उत्तरप्रदेश की है। मिर्जापुर नाम से ही जगह है, हमने वहां भी शूट किया है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण यह है कि कहानी मिर्जापुर से राजस्थान आती है। जोधपुर, जैसलमेर तक पहुंचती है। यह देखने पर ही समझ में आएगा। मिर्जापुर ने एक परिवार बनाया है। हम मिर्जापुर के कारण जुड़े थे और दोस्त, भाईयों की तरह रहते हैं। सभी को एक जैसा फील होता है। चाहे अली हों, दिवेन्दु हों, पंकज त्रिपाठी भाई हों, सभी के साथ मेरी अच्छी बॉन्डिंग है। विक्रांत मैसी से भी बहुत अच्छा जुड़ाव है। हालांकि वे इस सीरीज में नहीं हैं। वहीं तीन सीजन हम वेब सीरीज के कर चुके हैं। चौथे सीजन के रूप में हम फिल्म बना रहे हैं। अभी इसकी शूटिंग चल रही है। वेब सीरीज में भी चौथा सीजन बनेगा। आने वाले दिनों में आपके कुछ प्रोजेक्ट आ रहे हों तो उसके बारे में बताएं?
शाजी: हाल ही हॉटस्टार पर मेरी सीरीज ‘जिद्दी इश्क’ रिलीज हुई है। जनवरी में ‘क्लीन अप क्रू’ वेब सीरीज रिलीज होगी। इसके बाद फिल्म ‘हरि ओम हरि’, ‘महाकाल नगरी’, ‘शटडाउन’ आएगी। इसके अलावा एक सीरीज ‘उधमगढ़’ भी रिलीज की लाइन में है।


