गैस सिलेंडर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, एक चोर गिरफ्तार:7 सिलेंडर, 9 बैटरी, 1 बाइक बरामद; आरोपी से पूछताछ जारी

जयपुर वेस्ट पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सात घरेलू गैस सिलेंडर, नौ वाहनों की बैटरी और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद ने संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए सभी थानाधिकारियों को निर्देश दिए थे। इसी के तहत, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त आलोक सैनी के सुपरविजन में करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने थाना क्षेत्र में हो रही घरेलू गैस सिलेंडर चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पूर्व में चोरी/नकबजनी में चालानशुदा अपराधियों पर निगरानी रखी। मुखबिर तंत्र विकसित कर संदिग्धों पर नजर रखी गई। महत्वपूर्ण आपराधिक सूचना के आधार पर, टीम ने घरों से गैस सिलेंडर चुराने के आदतन अपराधी प्रदीप सिंह (35) पुत्र हरि सिंह शेखावत को गिरफ्तार किया। प्रदीप सिंह सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के छोटी खूड़ी गांव का निवासी है और वर्तमान में जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र स्थित श्री गणेश नगर, कालवाड़ रोड पर रहता है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से कुल सात घरेलू गैस सिलेंडर, नौ वाहनों की बैटरी और एक मोटरसाइकिल (नंबर RJ14VD5574, HF Deluxe) बरामद की गई। अभियुक्त ने बताया कि यह मोटरसाइकिल उसने झोटवाड़ा थाना क्षेत्र से चुराई थी और इसका उपयोग वारदातों को अंजाम देने में करता था। आरोपी से पूछताछ जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *