कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर का पदभार ग्रहण समारोह शनिवार को कलाकार कॉलोनी स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित होगा। बड़ी संख्या में प्रदेश और संभाग स्तरीय नेतृत्व एक मंच पर शामिल होने जा रहा है। इसे शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों, ब्लॉकों, मंडलों और फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ता जुलूसों और जत्थों के रूप में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। कार्यक्रम में प्रदेश स्तर के साथ साथ जैसलमेर बाड़मेर के कई बड़े कांग्रेसी लीडर समारोह में शामिल होंगे। कई बड़े कांग्रेसी लीडर होंगे शामिल कल आयोजित होने वाले पदभार ग्रहण समारोह में प्रदेश स्तर के लीडर के साथ साथ सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी, पूर्व मंत्री एवं मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद, पूर्व मंत्री अमीन खान, कांग्रेस सांसद प्रत्याशी करणसिंह उचियारड़ा, बालोतरा जिलाध्यक्ष प्रियंका मेघवाल, बाड़मेर जिलाध्यक्ष लक्ष्मण गोदारा, पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव, पूर्व विधायक पदमाराम मेघवाल, पूर्व विधायक मुल्तानाराम बारूपाल समेत बाड़मेर व बालोतरा के नेता भी शामिल होंगे। वरिष्ठ नेताओं को दिया आमंत्रण नियुक्ति के बाद अमरदीन फकीर ने जिले के सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने को लेकर मंत्रणा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा करते हुए सभी को पदभार ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया है। दूसरे खेमे के पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव, जानब खान, हुसैन फकीर, पूर्व जिलाध्यक्ष उम्मेद सिंह तंवर आदि से मिले और उनको 6 दिसम्बर के दिन कांग्रेस कार्यालय आने का आमंत्रण दिया। पूर्व प्रधान है अमरदीन, पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद के भाई अमरदीन फकीर इससे पहले पंचायत समिति जैसलमेर के प्रधान रह चुके हैं और संगठन में कार्यकारी जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार उनकी नियुक्ति संगठन में संतुलन और व्यापक सामाजिक प्रतिनिधित्व के तहत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रदेश नेतृत्व को उम्मीद है कि अमरदीन फकीर के नेतृत्व में क्षेत्र में कांग्रेस मजबूत होगी और आगामी चुनावों में कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो सकेगा। गुटबाजी खत्म का दिया संदेश जिलाध्यक्ष बनने के बाद अमरदीन सीधे पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव के घर पहुंचे थे और उनसे मुलाकात की। सियासी गलियारों में इसे कांग्रेस के लिए एक बड़ा सुखद संकेत माना जा रहा है। इसके साथ ही वे जानब खान और हुसैन फकीर और उम्मेद सिंह तंवर से मिले और उनको आमंत्रण दिया। जैसलमेर कांग्रेस के फकीर और धनदेव दोनों धड़ों की आपसी गुटबाजी और लड़ाई में पिछले पंचायत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस हार चुकी है। अमरदीन फकीर ने इसे स्वीकार करते हुए कहा कि पिछली गलतियों को नहीं दोहराया जाएगा, कांग्रेस समर्थकों के विश्वास को टूटने नहीं देंगे। जिलाध्यक्ष अमरदीन का अब तक का राजनीति का सफर एनएसयूआई प्रदेश सचिव — 2008 से 2009
जिला परिषद सदस्य — 2010 से 2014
युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव — 2010 से 2015
प्रधान पंचायत समिति जैसलमेर — 2015 से 2020
युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष — 2016 से 2022
प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव लड़ा और दूसरे स्थान पर रहे — 2022
कार्यकारी अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी — 2024 से लगातार


