चौमूं शहर के सामोद रोड पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बिजली ट्रांसफॉर्मर पोल को टक्कर मार दी। इस घटना के कारण आसपास के इलाके की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली ट्रांसफॉर्मर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे सामोद रोड और आसपास के क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बिजली निगम के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। टीम ने क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर के पुर्जों की मरम्मत और बदलने का काम शुरू कर दिया है, ताकि जल्द से जल्द बिजली बहाल की जा सके। चौमूं थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है कि क्या ट्रक तेज गति में था या ड्राइवर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पहले भी दुर्घटनाओं का कारण बन चुकी है।


