रांची | माकपा का तीन दिवसीय राज्य सम्मेलन 9 से 11 जनवरी तक नामकुम में होगा। सम्मेलन में राज्य के 24 जिलों से निर्वाचित 75 महिला सहित 350 प्रतिनिधि और पर्यवेक्षक शामिल होंगे। रविवार को पार्टी राज्य कार्यालय में माकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य और स्वागत समिति के सचिव प्रफुल्ल लिंडा ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन स्थल का नाम पार्टी के दिवंगत महासचिव कामरेड सीताराम येचुरी के नाम पर होगा। सभागार का नाम पं. बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की स्मृति में रखा गया है, जबकि मंच का नाम शहीद सुभाष मुंडा मंच रखा गया है। 9 जनवरी की दोपहर 2:30 बजे खुला सत्र का आयोजन होगा, जिसे पोलित ब्यूरो सदस्य बृंदा करात, पूर्व सांसद रामचंद्र डोम, राज्य सचिव प्रकाश विप्लव और डॉ. रणेंद्र संबोधित करेंगे।


