लोक अदालत 13 को, प्रचार वाहन से जागरूकता अभियान

भास्कर संवाददाता | सीहोर 13 दिसंबर को लगने वाली नेशनल लोक अदालत के लिए शुक्रवार को विद्युत विभाग का प्रचार वाहन रवाना किया गया। वाहन को हरी झंडी जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश डॉ. वैभव विकास शर्मा ने बुदनी से दिखाकर रवाना किया। वाहन पर लोक अदालत का बैनर लगाया गया है। इसके जरिए आम लोगों को लोक अदालत के लाभों की जानकारी दी जाएगी। लोक अदालत में आपराधिक प्रकरण, चेक बाउंस, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना दावा, विद्युत चोरी, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, सिविल और भूमि संबंधी विवादों का समाधान किया जाएगा। विद्युत और नगर निगम अधिनियम के अंतर्गत जल कर, संपत्ति कर और दुकान कर में नियमानुसार छूट भी दी जाएगी। इसी को लेकर शुक्रवार को डॉ. वैभव विकास शर्मा के मार्गदर्शन में बुदनी में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में न्यायालय में लंबित प्रकरणों और प्रीलिटिगेशन मामलों को अधिकतम संख्या में लोक अदालत में निपटाने की रणनीति बनाई गई। बैठक में सपना शिवहरे, मिताली पाठक शर्मा, कैलाश मालवीय, दिनेश तोमर, रवि शर्मा, संतोष रघुवंशी, राजेंद्र कुमार यादव और संदीप जाट मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *