एमपी-यूपी बॉर्डर में बकरी चोर गिरोह सक्रिय:चरवाहों को बांधकर लूट रहे बकरियां, सतना पुलिस का सर्च ऑपरेशन

सतना और उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे जंगलों में बकरी चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है। यूपी के मारकुंडी थाना क्षेत्र के डोडामाफी गांव के जंगलों से लगातार बकरियां चोरी होने की शिकायतें मिली हैं। इन घटनाओं के पीछे एक संगठित बकरी चोर गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके बाद सतना पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बकरियां चुराने के साथ-साथ चरवाहों के साथ भी मारपीट करता है। गिरोह के सदस्य चरवाहों को पकड़कर उनके साथ मारपीट करते हैं, फिर उनके हाथ-पैर बांधकर पेड़ों से बांध देते हैं। कुछ मामलों में चरवाहों की आंखों पर पट्टी बांधकर उन्हें घने जंगल में छोड़ दिया जाता है, जिससे वे समय पर सहायता न मांग सकें। इन घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद सतना पुलिस ने उत्तर प्रदेश सीमा से लगे क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है। शुक्रवार को धरकुंडी थाना प्रभारी शैलेंद्र पटेल अपनी टीम के साथ जंगलों में सर्च ऑपरेशन पर निकले। उन्होंने बताया कि बांका, लोटनी और सरभंगा के घने जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया है। पुलिस जंगल के रास्तों, चराई क्षेत्रों, नालों और पगडंडियों पर लगातार निगरानी रख रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि यह तलाशी अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक गिरोह की गतिविधियों पर नियंत्रण नहीं पा लिया जाता। पुलिस टीम जंगल में गश्त करते हुए हर संदिग्ध स्थान की जांच कर रही है। पुलिस ने जंगल के अंदर रहने वाले आदिवासी समुदायों और चरवाहों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्हें फिलहाल बकरियों और मवेशियों को गहरे जंगल में चराने न ले जाने और समूह में ही चराई के लिए निकलने की हिदायत दी गई है। किसी संदिग्ध गतिविधि या आवाज सुनाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, रात के समय जंगल के पास का रास्ता न अपनाएं। पुलिस ने बताया कि आवश्यक होने पर पड़ोसी यूपी पुलिस से भी समन्वय किया जाएगा, ताकि गिरोह की गतिविधियों पर संयुक्त रूप से लगाम लगाई जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *