बेनीवाल बोले- CM को पता नहीं सरकार कौन चला रहा:कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी, खुद मुख्यमंत्री को पांच बार धमकी मिल चुकी है

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो और सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा- मुख्यमंत्री भजनलाल को लोग सीरियस नहीं ले रहे। मैंने पहला मुख्यमंत्री देखा है, जिसको यह पता नहीं चल रहा कि सरकार कौन चला रहा है।भाजपा सरकार ने पेपर लीक और आरपीएससी जैसी भर्तियों से जुड़े मुद्दों को लेकर यू-टर्न लिया है। बेनीवाल ने आगे कहा- सरकार के कथनी और करनी में फर्क है। बीजेपी और कांग्रेस राजस्थान में एक जैसे ही हैं। मुख्यमंत्री से जुड़े लोग राज्य को लूटने में लगे हुए हैं। हनुमान बेनीवाल ने कहा- प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। खुद मुख्यमंत्री को पांच बार धमकी मिल चुकी है। राजस्थान में नशे और गैंगवार बढ़ रहा है। पंजाब से भी ज्यादा नशा यहां होने लगा है। भ्रष्ट अधिकारियों की तैनाती की जा रही है। बेनीवाल ने यह बात शनिवार को जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से कही। हनुमान बेनीवाल ने मीडिया से कहीं 2 बड़ी बातें 1. गहलोत के करीबी अब बीजेपी के चहेते
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि जोधपुर संभाग में इसके कई उदाहरण हैं। जो अधिकारी गहलोत के करीबी थे, हमारे फोन टेप करवा रहे थे, आज बीजेपी के करीबी हैं और भ्रष्टाचार व व्यापार में लगे हुए हैं। हम बिना किसी विधायक के लड़ाई लड़ रहे हैं, क्योंकि विधानसभा में हमारा कोई विधायक नहीं है। हम या तो सड़क पर या संसद में लड़ाई लड़ रहे हैं, हर व्यक्ति की आवाज उठा रहे हैं। 2. इंडिगो सरकार को कर रही चैलेंज
बेनीवाल ने इंडिगो के फ्लाइट संचालन में आ रही गड़बडिय़ों को लेकर कहा कि इससे आमजन परेशान हो रहा है। इंडिगो सरकार को सीधा-सीधा चैलेंज कर रही है, यह देश का बड़ा दुर्भाग्य है। आज जब हम आ रहे थे तब भी यह लग रहा था कि पता नहीं आज इंडिगो चलेगी कि नहीं चलेगी, ऐसी स्थिति हो गई है। जब दिल्ली में पार्लियामेंट चल रही है उस वक्त इंडिगो ने सरकार को चैलेंज किया है। सरकार को इंडिगो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, डॉलर के मुकाबले रुपए की गिरावट को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इस मुद्दे को वे संसद में उठाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *