मारुति वेयरहाउस से मिली 2 हजार क्विंटल अवैध धान:बाकल के समर्थ ट्रेडर्स की 1500 क्विंटल धान निकासी पर रोक

कटनी जिला प्रशासन ने शनिवार दोपहर अवैध धान के खिलाफ कार्रवाई की। विजयराघवगढ़ के ग्राम कांटी स्थित मारुति वेयरहाउस से 5070 बोरियों में 2028 क्विंटल अवैध धान जब्त की गई। मंडी अधिनियम के तहत करीब ढाई लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। इस कार्रवाई के तहत, बाकल के समर्थ ट्रेडर्स में भंडारित 1500 क्विंटल धान की निकासी पर भी रोक लगा दी गई है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर यह कार्रवाई समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले दलालों, व्यापारियों और बिचौलियों के विरुद्ध की जा रही है। मारुति वेयरहाउस पर राजस्व, कृषि, खाद्य विभाग और कृषि उपज मंडी की संयुक्त टीम ने आकस्मिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान गोदाम में 2028 क्विंटल धान भंडारित पाई गई, जिसका पंचनामा कर बयान दर्ज किए गए। कलेक्टर तिवारी ने सभी वेयरहाउस संचालकों को भंडारण संबंधी आवश्यक अभिलेख जैसे बी-1 खसरा, गिरदावरी, आधारकार्ड और सिकमी पट्टा की प्रति प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। लेकिन, मारुति वेयरहाउस, कांटी के संचालक कमल साहू (निवासी ग्राम बरखेड़ा बड़वारा) मौके पर किसानों के वांछित अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर पाए। जांच में सामने आया कि वेयरहाउस में धान खरीदी की निर्धारित तारीख से पहले ही भंडारित थी और किसानों के वांछित लिखित दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। धान निकासी नहीं होगी बाकल स्थित समर्थ ट्रेडर्स के गोदाम का निरीक्षण संयुक्त जांच दल द्वारा किया गया। मौके पर गोदाम के भीतर करीब 1500 क्विंटल धान का भण्डारण पाया गया। गोदाम प्रोप्राइटर शैलेन्द्र जैन को निर्देशित किया गया। कलेक्टर तिवारी ने व्यापारियों द्वारा क्रय कर भंडारित धान की निकासी पर 20 जनवरी तक प्रतिबंध लगाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *