गुजरात के पोरबंदर में हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में कानपुर के पायलट सुधीर यादव की भी मौत हुई है। शहर के श्यामनगर में उनका घर है। मौत की सूचना पर इनके घर सांत्वना देने वालों की भीड़ लग गई है। मूलरूप से कानपुर देहात के शिवली के हरकिशनपुर के रहने वाले नवाब सिंह यादव सेना से रिटायर होने के बाद SBI में मैनेजर हैं। नवाब सिंह यादव के बेटे सुधीर यादव भारतीय तटरक्षक बल के एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) में पायलट थे। हादसे में सुधीर यादव की मौत हुई है। सुधीर 2015 में पॉयलट बने थे। सुधीर नए साल पर एक जनवरी को घर आए थे। हादसे की तस्वीरें… 10 महीने पहले हुई थी शादी
सात मार्च 2024 को सुधीर की शादी आवृत्ति यादव से हुई थी। आवृत्ति पटना में ज्यूडिशियल जज हैं। परिजनों ने बताया कि आवृत्ति, पति सुधीर के पास से शनिवार देर शाम पटना लौटी थीं। रविवार को मौत की खबर आ गई। सुधीर आठ साल से कोस्टगार्ड पायलट थे। रविवार दोपहर दो बजे भाई धर्मेंद्र के पास फोन आया और बताया कि सुधीर की हालत गंभीर है। तभी परिवार के लोग गुजरात जाने की तैयारी करने लगे। इसी बीच दोबारा फोन आया और मौत होने की जानकारी दी। आज सोमवार को शाम तक शव कानपुर शहर के श्यामनगर पहुंचेगा। रविवार देर शाम सेना के अधिकारी भी घर पहुंचे और परिवार वालों को सांत्वना दी। टीवी में हादसे का मंजर देखकर घर वाले सहम गए
सुधीर के बड़े भाई धर्मेंद्र ने बताया- उन्हें रविवार दोपहर हादसे में सुधीर की हालत गंभीर होने की सूचना मिली। फिर टीवी पर न्यूज और वीडियो देखा। इतना दर्दनाक और डरावना मंजर था। इसके बाद दोबारा यूनिट में फोन कर पूछा। वहां जानकारी मिली कि हेलीक्रॉप्ट क्रैश होने से सभी की मौत हुई है। उनमें सुधीर भी शामिल थे। कल अंतिम संस्कार किया जाएगा
कानपुर देहात के हरकिशनपुर ग्राम प्रधान अशर्फी ने बताया- सुधीर यादव और उनका परिवार इसी गांव में रहता था। अब घर खंडहर हो गया है। सभी कानपुर शहर में रहते हैं। यहां बस खेत देखने के लिए सुधीर के माता-पिता आते हैं। परिजनों ने बताया- मंगलवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना के बाद से प्रशासनिक अफसर परिवार के संपर्क हैं। यहां परिवार करीब 18 साल से रह रहा है। कब और कैसे हादसा हुआ, जानिए- गुजरात के पोरबंदर में रविवार दोपहर 12 बजे इंडियन कोस्टगार्ड का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, कोस्टगार्ड का ICG ALH MK-III हेलिकॉप्टर ध्रुव नियमित उड़ान पर था, जो दोपहर 12.15 बजे पोरबंदर हवाई अड्डे के रनवे पर लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर के गिरते ही उसमें आग लग गई। इंडियन कोस्टगार्ड ने बताया- हेलिकॉप्टर में 2 पायलट समेत 3 लोग सवार थे। हादसे में तीनों की जान चली गई, जिनकी पहचान सुधीर कुमार यादव, मनोज प्रधान और सौरभ कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही तटरक्षक बल के DIG पंकज अग्रवाल और जिला पुलिस प्रमुख भागीरथ सिंह जाडेजा समेत पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। तीनों जवानों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए पोरबंदर के भावसिंहजी सरकारी अस्पताल भेजे गए हैं।


