पॉलिटिकल रिपोर्टर| रांची भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के देवघर में दिए गए बयान पर झामुमो ने पलटवार किया है। पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा नेताओं को झारखंड की राजनीति समझ नहीं आती, इसलिए वे हवा में तीर चलाते रहते हैं। नड्डा डेटा पढ़कर आएं। झारखंड में अपराध दर राष्ट्रीय औसत से कम है। उन्होंने कहा कि भाजपा घुसपैठ का नाम लेकर संथाल परगना की अस्मिता से खिलवाड़ करना बंद करें। संथाल की अस्मिता, संस्कृति और परंपरा को सबसे बड़ा खतरा भाजपा की विभाजनकारी राजनीति से ही है। झामुमो महासचिव ने पूछा कि भाजपा बताए कि 18 साल केंद्र में रह कर उसने घुसपैठ रोकने के लिए क्या किया? उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में ही झारखंड ने सबसे ज्यादा नक्सल हिंसा और आर्थिक अपराध देखे थे। आज वही पार्टी कानून व्यवस्था पर भाषण दे रही है। भ्रष्टाचार का नाम लेने से पहले आईने में देखें चेहरा झामुमो नेता ने कहा कि भाजपा के नेताओं को भ्रष्टाचार का नाम लेने से पहले आईने में अपना चेहरा देखना चाहिए। ‘ईडी-भाजपा कनेक्शन’ पूरे देश में चर्चा में है। जबकि, अधिकारियों को जेल भेजने में झामुमो ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। हमारी सरकार ने किसी भी जांच में कभी दखल नहीं दिया। भाजपा बताए कि कर्नाटक, महाराष्ट्र और हरियाणा में उनके भ्रष्ट अधिकारी कहां छिपे हैं? ईडी-सीबीआई के हाथ तब क्यों कांपते हैं? उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को विकास का श्रेय लेने की बीमारी हो गई है। एम्स से लेकर मेडिकल कॉलेज तक सभी योजनाएं यूपीए सरकार के दौरान स्वीकृत थीं।


